कुलगाम मुठभेड़: 3 आतंकी ढेर, सेना-पुलिस का अभियान जारी

कुलगाम मुठभेड़: 3 आतंकी ढेर, सेना-पुलिस का अभियान जारी

03 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: कुलगाम एनकाउंटर: तीसरे दिन भी मुठभेड़ जारी, अब तक 3 आतंकी ढेर                    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल देवसर इलाके में आतंकियों के खिलाफ सेना और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन तीसरे दिन भी जारी है। रविवार को एक और आतंकी को मार गिराया गया, जिससे मारे गए आतंकियों की संख्या तीन हो गई है। शनिवार को दो आतंकियों को ढेर किया गया था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को मारे गए आतंकियों में एक की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के हारिस नजीर के रूप में हुई है, जो पुलवामा के कच्चीपोरा का रहने वाला था। वह लश्कर का सी-श्रेणी का आतंकी था और 24 जून 2023 से सक्रिय था। उसका नाम बायसरन आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी 14 वांछित आतंकियों की सूची में भी शामिल था। दूसरे मारे गए आतंकी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

यह मुठभेड़ शुक्रवार रात उस समय शुरू हुई जब सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि चार से पांच आतंकी अखल के जंगलों में छिपे हुए हैं। इसके बाद सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), कुलगाम पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकी गोलीबारी करते हुए जंगल के भीतर भाग निकले, जिसके बाद घेराबंदी कर दी गई।

शनिवार रात भर रुक-रुककर फायरिंग होती रही। रविवार सुबह सुरक्षाबलों ने एक और आतंकी को ढेर कर दिया। इस दौरान एक सैन्य अधिकारी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इलाके में अभी भी और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है, इसलिए तलाशी अभियान जारी है। ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।