इस मैच के दौरान एक ऐसी घटना हुई जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। दरअसल, एक प्रशंसक सुरक्षा घेरा तोड़कर क्रीज पर मौजूद विराट कोहली के करीब पहुंच गया और सीधे उनके पैरों में गिर गया। इसके बाद वह उठा और स्टार खिलाड़ी के गले लग गया। तभी सुरक्षाकर्मियों ने मैदान पर पहुंचकर उसे बल्लेबाज से दूर किया और बाहर ले गए। इस घटना की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इसपर फैंस जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन की शतकीय साझेदारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 16.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 177 रन बनाए और सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज ने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक पूरा किया और 56 रनों की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया।
सॉल्ट के बाद बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी बल्लेबाजी के लिए आए देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 10 रन बना सके। वहीं, कप्तान रजत पाटीदार 16 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इस मुकाबले में किंग कोहली ने 30 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 56वां पचासा पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए और टीम को जीत दिलाने में सफल रहे। कोहली अपने 400वें टी20 में 59 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि लियाम लिविंगस्टोन ने 15* रन बनाए। वहीं, केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
















