‘ईरान से खामेनेई को जाना होगा’: इजराइल दौरे पर ट्रंप के करीबी सीनेटर का बड़ा बयान

17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  इजराइल के तेल अवीव दौरे पर पहुंचे अमेरिकी सीनेटर Lindsey Graham ने ईरान को लेकर बेहद सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान पर बड़ा फैसला “महीनों नहीं, बल्कि हफ्तों” में हो सकता है। ग्राहम ने साफ तौर पर कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की सत्ता को हर हाल में जाना होगा। रिपब्लिकन नेता और Donald Trump के करीबी माने जाने वाले ग्राहम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत जारी है।

इस महीने की शुरुआत में ओमान की मेजबानी में दोनों देशों के बीच वार्ता हुई थी और अगले दौर की बातचीत भी प्रस्तावित है। ऐसे में ग्राहम के बयान को वॉशिंगटन के सख्त रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के मुद्दे पर अमेरिका और इजराइल के बीच कोई मतभेद नहीं है और दोनों देश पूरी तरह एकमत हैं।

दौरे के दौरान ग्राहम ने इजराइल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu से मुलाकात कर क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान की गतिविधियों पर चर्चा की। प्रेस ब्रीफिंग में ग्राहम ने कहा कि फिलहाल दो रास्ते खुले हैं—कूटनीतिक और सैन्य—और अंतिम फैसला अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद पहली बार ईरानी नेतृत्व कमजोर स्थिति में है और ‘रेजीम चेंज’ का जोखिम वास्तविक है।