Kaalchakra: घर में रखी इन 3 चीजों से बढ़ेगी धन-शोहरत! पंडित सुरेश पांडेय से जानें उपाय

16 Feb 2025: Fact Recorder
Kaalchakra News24 Today: घर में कुछ विशेष चीजों को रखने से परिवारवालों के बीच प्रेम और खुशियां बढ़ती हैं। साथ ही व्यक्ति को धन और शोहरत की प्राप्ति होती है। चलिए पंडित सुरेश पांडेय से जानते हैं घर में किन-किन चीजों को रखना शुभ माना जाता है।

वास्तु शास्त्र में घर में रखी जाने वाली हर चीज के शुभ और अशुभ प्रभाव के बारे में बताया गया है। माना जाता है कि यदि सही जगह पर आप घर में कुछ चीजों को रखते हैं, तो इससे वास्तु दोष का नकारात्मक प्रभाव कम होता है और घर-परिवार में खुशियों का आगमन होता है। इसके अलावा धन और सेहत से संबंधित परेशानियों से भी लोगों को मुक्ति मिलती है।

आज के कालचक्र में पंडित सुरेश पांडेय आपको उन 3 खास चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें घर में रखने से साधक को धन और शोहरत की प्राप्ति हो सकती है। साथ ही घरवालों के बीच प्रेम बढ़ता है।

कलश

  • सुख-संपन्नता में कमी आ रही है, तो घर की उत्तर-पूर्व दिशा में कलश रखना शुभ रहेगा। घर में कलश रखने से अन्न और धन की कमी दूर होती है। साथ ही बीमारियों से मुक्ति मिलती है।
  • परिवार में मांगलिक कार्य रुक गए हैं, तो भी घर की उत्तर-पूर्व दिशा में कलश रखना शुभ रहेगा।
  • आमदनी बढ़ाने के लिए मिट्टी का एक छोटा कलश लें। उसमें चांदी का एक छोटा टुकड़ा डालकर लाल कपड़े से ढककर घर की उत्तर या पश्चिम दिशा में रखें।
  • परिवार में सुख-समृद्धि नहीं है, तो घर की उत्तर-पूर्व दिशा में मिट्टी के कलश में पानी भरकर हमेशा रखें। समय-समय पर मिट्टी के कलश का पानी बदलते रहें। कलश का पानी बदलने से पहले बचे हुए जल को पूरे घर में छिड़कें।

सूर्य की प्रतिमा

तांबे से बनी सूर्य की प्रतिमा घर में रखना शुभ होता है। इसे आप घर की पूर्व दिशा में जमीन की सतह से 7 फुट की ऊंचाई पर दीवार पर लगा सकते हैं। इससे घरवालों के बल, बुद्धि, संपर्क और यश-कीर्ति का विकास हो सकता है।

स्वास्तिक का चिह्न

सभी शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत स्वास्तिक का चिह्न बनाकर करनी चाहिए। ऐसा करने से हर कार्य में सफलता मिलती है। स्वास्तिक का चिह्न बच्चों की पढ़ाई के लिए भी लाभकारी माना गया है। आपके बच्चे का पढ़ाई में मन नहीं लगता है, तो घर की पश्चिम या दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्वास्तिक का चिह्न बनाएं। ऐसा करने से बच्चों की तरक्की में आने वाली सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी।