JP Dhankar advocate suicide, Faridabad court tragedy, lawyer jumps from court building, Machgar village advocate death | Update News | फरीदाबाद कोर्ट में चौथी मंजिल से कूदा वकील: पहले परिवार से फोन पर बातचीत, लंबे समय से बीमार; इलाज के दौरान तोड़ा दम – Faridabad News

मृतक वकील जेपी धनकड़ का फाइल फोटो।

फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित कोर्ट परिसर में एक वकील ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। वकील ने सुसाइड से पहले परिवार से फोन पर बात की थी। साथी वकील घायल को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मच्छगर गांव के 56 वर्षीय जेपी धनकड़ के रूप में हुई है। धनकड़ पिछले कई वर्षों से सेक्टर-12 कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे। घटना से पहले उन्होंने अपने परिवार से फोन पर बात की। फोन पर हुई बातचीत का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

गिरने से गर्दन में आई गंभीर चोट

वकील ने चौथी मंजिल पर स्थित 410 नंबर चैंबर के पास से छलांग लगाई। गिरने से उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई। उनके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। साथी वकीलों ने तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।

लंबे समय से बीमार थे वकील

मृतक के साथी वकीलों के अनुसार, धनकड़ लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके घर भी में कुछ परेशानियां चल रही थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।