Jhajjar FBhupinder Singh Hooda Reached House Former Army Chief Bisahan Including Raghuveer Singh Kadyan Geeta Bhukkal | झज्जर में पूर्व आर्मी चीफ के घर पहुंचे भूपेन्द्र हुड्डा: दलबीर सुहाग की मां के निधन पर जताया शोक, कादयान और गीता भुक्कल भी साथ – Jhajjar News

पूर्व आर्मी चीफ की माता के देहांत के उपरांत सांत्वना देने पहुंचे पूर्व हरियाणा सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा।

झज्जर में पूर्व आर्मी चीफ दलबीर सुहाग के निवास गांव बिसाहन में आज गुरुवार को पूर्व सीएम चौ.भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पहुंचे। उन्होंने सुहाग की मां इसरी देवी के निधन पर शोक जताया। इस मौके पर उन्होंने इसरी देवी को अच्छे संस्कार देने वाली मां बताया।

पूर्व सीएम ने कहा कि यह इसरी देवी के अच्छे संस्कार का ही परिणाम है कि दलबीर सुहाग देश के उच्च पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसरी देवी का निधन करीब 96 साल की उम्र में हुआ है। कलयुग के अंदर यदि कोई इतनी लंबी आयु पा लेता है तो उसे सौभाग्यशाली ही कहा जा सकता है।

पूर्व सीएम ने सुहाग परिवार को दी सांत्वना भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने इस मौके पर यह भी कहा कि मां के जाने का दुख क्या होता है यह हर व्यक्ति को पता है। मां का प्यार और दुलार कभी भी किसी को भुलाए नहीं भूलता। उन्होंने इस दौरान दलबीर सुहाग के परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने इसरी देवी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व स्पीकर और पूर्व शिक्षा मंत्री भी पहुंचे उनके साथ इस समय पूर्व स्पीकर और बेरी हलके के विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादियान, पूर्व मंत्री और झज्जर की कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल भी साथ थी। डॉ. कादियान और गीता भुक्कल ने जनरल दलबीर सुहाग की मां को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें संस्कारवान होने का दर्जा दिया।

उन्होंने कहा कि यह अच्छे संस्कार ही थे कि उनके बेटे ने उच्च आदर्शों का पालन करते हुए उच्च मुकाम हासिल किया। हरियाणा स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के झज्जर जिलाध्यक्ष रवि कादियान ने भी यहां उनके साथ पहुंच कर इसरी देवी के निधन पर शोक जताया।