गोहर में पीलिया का कहर जारी, मंगलवार को 7 नए केस दर्ज

18 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: गोहर में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को आदर्श नागरिक स्वास्थ्य केंद्र में 7 नए पीलिया मरीज सामने आए, जिससे कुल मरीजों की संख्या 137 के पार हो गई है। राहत की बात यह है कि 96 लोग पहले ही काफी हद तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 40 मरीज अभी भी सक्रिय हैं। इनमें से दो लोग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और 38 मरीज घर पर ही उपचार ले रहे हैं। दुर्भाग्यवश इस बीमारी से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश भारद्वाज ने बताया कि पीलिया का प्रभाव इस क्षेत्र में अगले 3-4 महीने तक जारी रहने की संभावना है। पीलिया के लक्षण प्रभावित व्यक्ति में आम तौर पर संक्रमण के लगभग 4 हफ्ते बाद दिखाई देते हैं। उन्होंने लोगों से पैनिक न होने और लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर इलाज शुरू करने की सलाह दी।

डॉ. भारद्वाज ने पीलिया प्रभावितों के लिए खानपान संबंधी सावधानियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूध, दही, पनीर, खोआ, खीर, घी जैसी चीजें और बिना चिकित्सक की सलाह के लीवर टॉनिक बिल्कुल न लें। इसके बजाय जूस, फल, दालें और सब्जियां खाएं।

पानी के सेवन को लेकर उन्होंने कहा कि पीलिया रोकने का सबसे बड़ा उपाय उबला हुआ पानी पीना है। जल शक्ति विभाग द्वारा टैंकों में क्लोरिनेशन किया गया है, लेकिन इससे पूरी तरह संक्रमण नहीं रोका जा सकता। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे पानी उबालकर ही पीएं और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।