ईरान के हमलों से दबाव में इजराइल का आयरन डोम, इंटरसेप्टर की कमी से बढ़ी चिंता

16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के बीच इजराइल की एयर डिफेंस प्रणाली पर भारी दबाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण इजराइल के आयरन डोम समेत अन्य वायु रक्षा प्रणालियों को लगातार सक्रिय रहना पड़ रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों ने चिंता जताई है कि इजराइल के पास बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर तेजी से कम हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने से पहले ही इनकी संख्या सीमित थी और पिछले साल के संघर्ष में भी इनका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो चुका था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान कुछ मिसाइलों में क्लस्टर म्यूनिशन का भी उपयोग कर रहा है, जिनमें एक मिसाइल के अंदर कई छोटे बम होते हैं जो हवा में फटकर बड़े इलाके में फैल जाते हैं। इससे उन्हें इंटरसेप्ट करना और भी मुश्किल हो जाता है।

इस बीच अमेरिका ने इजराइल को सैन्य सहायता देने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी प्रशासन ने इमरजेंसी स्थिति का हवाला देते हुए इजराइल को करीब 12,000 बम बेचने की मंजूरी दी है।

जरूरत पड़ने पर इजराइल THAAD और Patriot missile system जैसे अन्य रक्षा सिस्टम का भी इस्तेमाल कर सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह युद्ध लंबा खिंचता है तो इजराइल के लिए इंटरसेप्टर और सैन्य संसाधनों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बन सकती है।