जालंधर से ISI जासूस गिर*फ्तार, ऐप से भेज रहा था भारत की खबरें

16 मई, 2025 Fact Recorder

जालंधर से गिरफ्तार हुआ पाकि*स्तानी जा*सूस, ऐप के ज़रिए ISI तक पहुंचा रहा था भारत की खबरें, 1.5 करोड़ की कोठी भी बनवा रहा था

पंजाब पुलिस की मदद से गुजरात पुलिस ने जालंधर के भार्गो कैंप इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी जासूस मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया है। गुजरात से आई पुलिस टीम ने अवतार नगर में छापा मारकर उसे दबोचा। इस दौरान चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी बरामद हुए।

आरोपी अली गांधीनगर (गुजरात) में किराए के मकान में रह रहा था और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए भारत में जासूसी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के समय, जब पाकिस्तान में भारतीय न्यूज़ चैनलों पर पाबंदी लगी, तब अली ने एक ऐप तैयार किया, जिसके ज़रिए पाकिस्तान में भारतीय चैनल देखे जा सकते थे। यह ऐप ISI को भारत के हालातों की जानकारी देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, अली को इस काम के बदले पाकिस्तान से बड़ी रकम मिली। उसने हाल ही में 25 मरले का प्लॉट खरीदकर 1.5 करोड़ रुपये की कोठी बनवाने का काम शुरू किया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एक महीने में उसके बैंक खाते में करीब 40 लाख रुपये के लेन-देन हुए हैं।

आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जो भारत में रहते हुए लगातार ISI से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था। फिलहाल गुजरात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वापस ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है