IOB का Q1 मुनाफा 76% बढ़ा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के नतीजों का बाजार इंतजार में

18 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Business Desk:  इंडियन ओवरसीज बैंक का Q1 शुद्ध लाभ 76% बढ़कर 1,111 करोड़ रुपये हुआ      इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने जून तिमाही में 76 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि के साथ 1,111 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में मिले 633 करोड़ रुपये के लाभ से काफी अधिक है।

चेन्नई स्थित इस सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ने एक नियामक फाइलिंग में बताया कि जून तिमाही के दौरान उसकी कुल आय 8,866 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025 की इसी तिमाही के 7,568 करोड़ रुपये से बढ़ी है। बैंक की अर्जित ब्याज आय भी 6,535 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,386 करोड़ रुपये हो गई है।

इस दौरान बैंक का परिचालन लाभ भी 1,676 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,358 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

वित्त वर्ष 2026 की जून तिमाही के नतीजे जारी होने शुरू हो गए हैं। कई कंपनियां पहले ही अपने तिमाही नतीजे घोषित कर चुकी हैं। वहीं, आज शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज भी अपने नतीजों की घोषणा करने वाली है। इसके अलावा हिंदुस्तान जिंक, JSW Steel और बंधन बैंक जैसी कंपनियों के नतीजे भी जल्द जारी होने वाले हैं।