International boxer Sweety Bora Controversy Husband Deepak Hooda | इंटरनेशनल बॉक्सर स्वीटी बूरा खोलेंगी पति के राज: हिसार में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, बोलीं- दीपक हुड्‌डा के एक-एक झूठ का जवाब दूंगी – Hisar News

हिसार की रहने वाली इंटरनेशनल बॉक्सर स्वीटी बूरा का अपने पति व भारतीय कबड्‌डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्‌डा के बीच चल विवाद बढ़ता जा रहा है। फरवरी में शुरू हुआ यह विवाद थाने में मार पिटाई तक पहुंच गया था।

.

अब तक इस मामले में दोनों पति-पत्नी मीडिया में आकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे थे, मगर अब स्वीटी बूरा ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि वह अपने पति के एक-एक झूठ का पर्दाफाश करेगी। इसको लेकर स्वीटी बूरा ने हिसार में अपने सेक्टर 1-4 आवास के सामने छोटू राम पार्क में शाम साढ़े 5 बजे प्रेस कान्फ्रेंस बुलाई है। यहां स्वीटी बूरा अपने ऊपर लगे आरोपों पर जवाब देंगी। इस दौरान वह अपने पति के बारे में भी कई बातों का खुलासा करेगी।

बता दें कि, 2 दिन पहले ही स्वीटी बूरा को जांच के लिए हिसार पुलिस ने पूरा दिन थाने में बैठाए रखा था। इतना ही नहीं स्वीटी के पिता और मामा को भी जांच से गुजरना पड़ा। इससे स्वीटी बूरा और आहत हो गई और अब उन्होंने चुप्पी तोड़ने का फैसला लिया है।

दीपक हुड्‌डा से 15 मार्च को हुई थी मारपीट स्वीटी बूरा और दीपक हुड्‌डा के बीच विधानसभा चुनाव के बाद से ही रिश्ते खराब हो गए थे। स्वीटी बूरा ने दीपक हुड्‌डा के खिलाफ फरवरी में महिला थाने में धोखाधड़ी, मारपीट और दहेज उत्पीड़न की शिकायत दी थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

वहीं दीपक हुड्‌डा ने भी स्वीटी बूरा के खिलाफ मारपीट करने, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी सहित कई तरह के आरोप लगाकर रोहतक पुलिस में शिकायत दी थी। इसी जांच के सिलसिले में हिसार में 15 मार्च को पुलिस ने दोनों पक्षों को महिला थाने में बातचीत के लिए बुलाया था।

मगर, आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच आपस में कहासुनी हुई। पुलिस के सामने ही बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष हाथापाई पर उतर आए। आरोप है कि इसी दौरान दीपक हुड्‌डा पर थाने में हमला किया गया। दीपक हुड्डा उपचार के लिए सिविल अस्पताल हिसार दाखिल हुए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी।

स्वीटी बूरा ने एसपी हिसार के यहां पेश होकर लिखित शिकायत दीपक हुड्‌डा के खिलाफ दी थी।

स्वीटी बूरा ने एसपी हिसार के यहां पेश होकर लिखित शिकायत दीपक हुड्‌डा के खिलाफ दी थी।

हिसार के सिविल लाइन थाने में ट्रांसफर हुआ केस महिला थाने में हमले के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही थी। सदर थाना पुलिस ने 2 दिन पहले स्वीटी और उसके पिता और मामा को जांच के लिए बुलाया था और पूरा दिन थाने में बैठाए रखा। इसके बाद दीपक हुड्‌डा ने एसपी हिसार से इस मामले को सदर थाने के बजाय सिविल लाइन थाने में शिफ्ट करने की मांग रखी, जिस पर एसपी ने दीपक हुड्‌डा की शिकायत पर दर्ज हुए केस को उठाकर सिविल लाइन थाना हिसार शिफ्ट कर दिया है।

23 दिन पहले दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी हरियाणा में हिसार की रहने वाली वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपने पति व इंडियन कबड्‌डी टीम के पूर्व कैप्टन दीपक हुड्‌डा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की FIR दर्ज करवाई थी। दोनों की 3 साल पहले शादी हुई थी।

हिसार में दर्ज FIR में स्वीटी ने आरोप लगाया था कि पति हुड्‌डा ने उनके साथ मारपीट की। शादी में एक करोड़ और फॉरच्यूनर देने के बावजूद उन्हें कम दहेज के लिए प्रताड़ित किया। वहीं, पति दीपक हुड्‌डा ने भी स्वीटी और उनके परिवार पर संपत्ति हड़पने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर रोहतक में शिकायत दी थी। दीपक का कहना था कि स्वीटी ने सोते हुए उनका सिर फोड़ा। उन पर चाकू से हमला किया।

स्वीटी की शिकायत पर हिसार और दीपक की शिकायत पर रोहतक में केस दर्ज हो चुका है। बता दें कि स्वीटी और दीपक इस वक्त BJP के नेता हैं। दीपक ने महम सीट से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, और हार गए। हालांकि, स्वीटी बूरा को भाजपा ने टिकट नहीं दी थी।