03 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारत ने पहली पारी में संभाली कमान, राहुल-गिल की अर्धशतकीय साझेदारी
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की है। भारत ने दो विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। क्रीज पर केएल राहुल 70 रन और कप्तान शुभमन गिल 33 रन बनाकर डटे हुए हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन भारत ने वेस्टइंडीज को 162 रन पर ऑलआउट कर दिया था। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने चार विकेट, जसप्रीत बुमराह ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।
भारत की पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। जायसवाल 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साई सुदर्शन सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद राहुल और गिल ने टीम को संभालते हुए स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया।
फिलहाल भारत वेस्टइंडीज की पहली पारी से आगे निकल चुका है और मजबूत बढ़त की ओर बढ़ रहा है।













