होर्मुज से निकला भारतीय जहाज ‘जग वसंत’, एलपीजी लेकर गुजरात पहुंचा; कई दिनों से था फंसा

27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:   पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा के बीच फंसा भारतीय झंडे वाला जहाज ‘जग वसंत’ आखिरकार भारत पहुंच गया है। यह जहाज शुक्रवार सुबह गुजरात के एक बंदरगाह पर एलपीजी गैस लेकर पहुंचा, जिससे चल रहे ऊर्जा संकट के बीच कुछ राहत की उम्मीद जगी है।

रिपोर्ट के अनुसार, ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ नाम के दो भारतीय जहाज हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने में सफल रहे थे। शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, दोनों जहाजों को कुछ दिन पहले ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था।

ये दोनों जहाज उन 22 भारतीय जहाजों में शामिल थे, जो ईरान से जुड़े युद्ध और क्षेत्रीय तनाव के कारण होर्मुज में फंसे हुए थे। इस दौरान ईरान द्वारा जलडमरूमध्य को आंशिक रूप से बाधित करने से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर असर पड़ा।

बताया जा रहा है कि ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ पर कुल 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी लदी हुई है। ‘जग वसंत’ पर 33 और ‘पाइन गैस’ पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं। जहाज के सुरक्षित पहुंचने से आपूर्ति बहाल होने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिले हैं।