Hardeep Singh Puri के खिलाफ Indian National Congress की महिला इकाई का चंडीगढ़ में मार्च, पुतला फूंका

06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: एप्स्टीन फाइल विवाद में केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri का नाम सामने आने के विरोध में आज Indian National Congress की महिला इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय कमलम की ओर मार्च निकाला और मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस मार्च का नेतृत्व चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच. एस. लकी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंदिता हुड्डा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव डॉ. साक्षी चौधरी, कोऑर्डिनेटर शालिका, पार्षद प्रेमलता और तरुण मेहता सहित कई नेताओं ने किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुईं।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंदिता हुड्डा ने कहा कि एप्स्टीन फाइल में किसी केंद्रीय मंत्री का नाम आना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि नैतिक आधार पर मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। वहीं डॉ. साक्षी चौधरी ने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया, हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।