24 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: श्रीलंका के कोलंबो स्थित ऐतिहासिक पी. सारा ओवल मैदान पर भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर पहला महिला ब्लाइंड T20 वर्ल्ड कप 2025 अपने नाम किया। यह जीत न केवल क्रिकेट उपलब्धि है, बल्कि दिव्यांग महिला खिलाड़ियों की हिम्मत, संघर्ष और प्रतिभा का प्रतीक भी है।
लेकिन इस शानदार जीत के बाद प्राइज मनी को लेकर निराशा जताई जा रही है। जहां इंटरनेशनल क्रिकेट में करोड़ों रुपये की इनामी राशि दी जाती है, वहीं भारतीय महिला ब्लाइंड टीम को इस बड़ी उपलब्धि पर सिर्फ 1-1 लाख रुपये का इनाम मिलने की घोषणा हुई है, जो चिंटल्स ग्रुप की ओर से किया गया।
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने अभी कोई प्राइज मनी घोषित नहीं की है। उम्मीद जताई जा रही है कि टीम की भारत वापसी के बाद CABI और राज्य सरकारें खिलाड़ियों की सराहना के लिए आगे आएंगी।
मैच में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान दीपिका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और नेपाल को 20 ओवर में 114 रन पर रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए फुला सरेन (44*) और करुणा के (42) की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने मैच सिर्फ 12.1 ओवर में जीत लिया। खास बात यह है कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा और खिताब पर कब्जा जमाया।













