13 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: मनाली। India SGF द्वारा Smile Adventure Camp, मनाली में 8 से 12 फरवरी तक वयस्कों के लिए साहसिक शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संगठन की 30 सदस्यीय राष्ट्रीय परिषद ने भाग लिया।
शिविर के दौरान हिमाचल प्रदेश में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। परिषद ने निर्णय लिया कि प्रदेश में टीम गठन की औपचारिक घोषणा आगामी तीन माह के भीतर शिमला में की जाएगी।
इस अवसर पर संगठन के मुख्य अध्यक्ष न्यायमूर्ति कल्पेश झावेरी, कार्यकारी अध्यक्ष एम. ए. के. मेक्की, महासचिव सीमा राठी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. सैयद एम. एच. किरमानी ने India SGF की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि India SGF एक गैर-राजनीतिक संगठन है, जो वर्ष 1959 से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है और International SGF से संबद्ध है, जिसकी उपस्थिति 211 देशों में है।
हिमाचल प्रदेश में संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी Devdarshan Media Group की प्रबंध निदेशक एवं हिमाचल राज्य महिला पत्रकार संघ की अध्यक्ष लवलीन थरमाणी को सौंपने पर सहमति बनी। बैठक और शिविर के दौरान उनकी उपस्थिति में उनका भव्य स्वागत किया गया, साथ ही उन्होंने संगठन के नियमों के अनुरूप शपथ भी ग्रहण की।
इस अवसर पर लवलीन थरमाणी द्वारा India SGF की टी-शर्ट और महिला क्रिकेट टीम की कैप का लोकार्पण भी किया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि हिमाचल प्रदेश में शीघ्र टीम गठित कर युवाओं और युवतियों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
समापन समारोह में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के तहत प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिविर के आयोजक एवं Smile Adventure Camp के प्रबंधक सुमित ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।













