19 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: युद्ध में जीत सिर्फ सीमा पर नहीं, पूरे राष्ट्र के संकल्प से मिलती है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 1965 भारत-पाक युद्ध के वीरों से बातचीत के दौरान कहा कि देश की सुरक्षा केवल सीमा पर लड़ी गई लड़ाई से तय नहीं होती, बल्कि यह पूरे राष्ट्र की एकजुटता और संकल्प का परिणाम होती है।
उन्होंने स्वीकार किया कि “भारत अपने पड़ोसियों के साथ संबंधों के मामले में भाग्यशाली नहीं रहा है, लेकिन हमने इसे नियति नहीं माना। हमने अपनी नियति खुद गढ़ी है, जिसका उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर है।”
पहलगाम हमले को याद करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “वह भयावह घटना कभी भूली नहीं जा सकती। जब भी याद आती है, दिल भारी हो जाता है और मन गुस्से से भर जाता है। लेकिन उस घटना ने हमारे हौसले को तोड़ा नहीं, बल्कि आतंकियों को करारा जवाब देने का संकल्प मजबूत किया।”
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने आतंकवादियों को ऐसा सबक सिखाने का निर्णय लिया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। “ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि जीत अब अपवाद नहीं, बल्कि हमारी आदत बन चुकी है और इस आदत को हमें कायम रखना है।”
1965 के युद्ध की याद ताजा करते हुए उन्होंने कहा, “कोई भी युद्ध सिर्फ रणभूमि में नहीं जीता जाता, बल्कि पूरे देश की सामूहिक शक्ति से विजय प्राप्त होती है। उस कठिन दौर में प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नेतृत्व ने न केवल देश को दिशा दी, बल्कि जनता का मनोबल भी ऊँचा किया। उनका नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश की आत्मा में गूंजता है।”













