02 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है और इसी के साथ पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज Mohammad Amir की भविष्यवाणी गलत साबित हो गई। कोलकाता के Eden Gardens में खेले गए नॉकआउट मुकाबले में 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने चार गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर जीत दर्ज की।
मैच से पहले आमिर ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में दावा किया था कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा। उनका तर्क था कि भारतीय टीम में ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और बल्लेबाजी दबाव में ढह सकती है। उन्होंने सुपर-8 ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के अंतिम चार में पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। भारत की एक हार के बाद उन्हें शो में ‘बाबा आमिर’ तक कहा जाने लगा था।
हालांकि भारत ने पहले जिम्बाब्वे और फिर वेस्टइंडीज को हराकर आमिर के दावे को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। जीत के बाद आमिर ने टीम इंडिया को बधाई तो दी, लेकिन साथ ही उसकी कमजोरियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि भारत अभी भी संतुलित क्रिकेट नहीं खेल रहा है, फील्डिंग में चूक हुई और जसप्रीत बुमराह को छोड़कर अन्य गेंदबाज महंगे साबित हो रहे हैं। फिर भी उन्होंने संजू सैमसन की पारी की जमकर तारीफ की और इसे उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक बताया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर आमिर का मजाक उड़ाया जा रहा है। कई फैंस इसे मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश बता रहे हैं, खासकर तब जब पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
अब भारत का सामना पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से सेमीफाइनल में होगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम की नजर अब खिताब पर है, जबकि आमिर का बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।













