IND vs PAK: 18वें ओवर की चूक पर गरमाया माहौल, सूर्यकुमार यादव ने दिखाई आंख, हार्दिक पंड्या ने जताई नाराजगी

16 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  कोलंबो में 15 फरवरी को खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की। मैच के बाद जश्न का माहौल था, लेकिन इसी दौरान एक ऐसा दृश्य कैमरे में कैद हुआ जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, स्पिनर कुलदीप यादव से नाराज नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पंड्या कुलदीप से तीखी बातचीत करते दिखे, जबकि सूर्यकुमार ने भी उन्हें आंखें दिखाई।

क्या थी वजह?

हालांकि इस मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि नाराजगी की वजह पाकिस्तान की पारी का 18वां ओवर रहा।

यह ओवर हार्दिक पंड्या डाल रहे थे। दूसरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। लॉन्ग ऑन पर खड़े कुलदीप यादव कैच लपकने में चूक गए। गेंद सीधे बाउंड्री पार चली गई, जहां विकेट मिल सकता था, वहां पाकिस्तान को 6 रन मिल गए।

हालांकि उसी ओवर में पंड्या ने पारी का अंत कर दिया, लेकिन कैच ड्रॉप की घटना खिलाड़ियों के जेहन में रह गई। मैच खत्म होने के बाद जब खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे, उसी दौरान पंड्या और सूर्यकुमार की नाराजगी कैमरे में दिखी।

जीत रही ऐतिहासिक

भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, जो T20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के अंतर से उसकी चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है।

गेंदबाजी में कुलदीप का योगदान

फील्डिंग में हुई चूक के बावजूद कुलदीप यादव ने गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 3 ओवर में 14 रन देकर 1 विकेट लिया। पाकिस्तान के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है।

वनडे और T20 मिलाकर पाकिस्तान के खिलाफ खेले 9 मुकाबलों में कुलदीप हर मैच में विकेट लेने में सफल रहे हैं। इन मैचों में उन्होंने 12.56 की औसत से 23 विकेट झटके हैं, जिसमें एक बार 4 विकेट और एक बार 5 विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है।मैच के बाद की यह छोटी सी तनातनी भले ही चर्चा में है, लेकिन टीम इंडिया की बड़ी जीत ने टूर्नामेंट में उसके इरादे साफ कर दिए हैं।