25 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Sports Desk: पैर में चोट के बावजूद पंत ने दिखाई जज्बे की मिसाल, अब एक छक्के की दूरी पर ऐतिहासिक रिकॉर्ड भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले जा रहे टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने अपने हौसले और जुझारूपन से सभी को प्रभावित किया। पैर की अंगुली में फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने मैदान पर वापसी की और 75 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 54 रन बनाए। जब वह 37 रन पर खेल रहे थे, तब क्रिस वोक्स की गेंद सीधा उनके पैर पर लगी, जिससे खून बहता देखा गया। इसके बाद उन्हें स्कैन के लिए मैदान से बाहर ले जाया गया, लेकिन रिपोर्ट आने के बावजूद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम को 350 रन के पार पहुंचाया।
एक छक्का और इतिहास बन जाएगा अगर पंत दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हैं और सिर्फ एक छक्का लगा देते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी वह वीरेंद्र सहवाग के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं—दोनों के नाम 90-90 छक्के हैं। एक और छक्का लगाते ही पंत यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
93 साल में पहली बार कोई भारतीय करेगा ये कारनामा टेस्ट क्रिकेट के 93 साल के भारतीय इतिहास में अब तक कोई भी बल्लेबाज 91 छक्के नहीं लगा सका है। पंत यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभी तक सिर्फ छह बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने टेस्ट में 91 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। पंत सातवें खिलाड़ी बन जाएंगे।
सहवाग से तेज, छक्कों में रिकॉर्ड के करीब दिलचस्प बात यह है कि पंत ने ये 90 छक्के सिर्फ 82 पारियों में लगाए हैं, जबकि सहवाग को इस आंकड़े तक पहुंचने में 174 पारियां लगी थीं।
छक्कों की लिस्ट में पंत की स्थिति
1. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड): 133
2. ब्रैंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड): 107
3. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया): 100
4. टिम साउदी (न्यूजीलैंड): 98
4. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज): 98
6. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका): 96
7. वीरेंद्र सहवाग / ऋषभ पंत (भारत): 90
8. ब्रायन लारा / रोहित शर्मा (भारत): 88
पंत के इस प्रदर्शन ने न केवल टीम को मजबूती दी बल्कि उन्हें एक ऐतिहासिक मुकाम के बेहद करीब भी पहुंचा दिया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह अगली पारी में उतरते हैं और यह रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं।