04 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा में ठंड बढ़ी, गुरुग्राम सबसे ठंडा: IMD ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए बारिश का अलर्ट जारी हरियाणा में मौसम में तेजी से बदलाव आया है, जिससे सुबह की ठंड बढ़ गई है और लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। स्कूलों ने भी विंटर यूनिफॉर्म के लिए अभिभावकों को नोटिस भेजे हैं। प्रदेश में गुरुग्राम सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज रात से मौसम में बदलाव और 5 नवंबर को हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए विशेष बारिश अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है।
हिसार में रात का तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिन का तापमान गिर सकता है और ठंड और बढ़ सकती है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 4 नवंबर की रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
6 से 9 नवंबर के बीच मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन का तापमान हल्का बढ़ सकता है, जबकि रात का तापमान फिर से गिर सकता है।
गुरुग्राम 12.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा शहर रहा, वहीं पंचकूला 13.7 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हिसार, नारनौल, कैथल और पानीपत में भी तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।













