09 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में अफसरशाही में हलचल मची हुई है। उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी. कुमार ने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजरानिया पर प्रताड़ना और जातिगत भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सैनी, जो बुधवार शाम जापान दौरे से लौटे हैं, आज चंडीगढ़ स्थित अपने आवास से सेक्टर-24 में IAS अमनीत से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि वे पत्नी को सांत्वना देने के साथ जांच के संबंध में महत्वपूर्ण फैसला भी ले सकते हैं। उनके साथ कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कृष्ण पंवार और कांग्रेस सांसद वरूण मुलाना भी अमनीत से मिलेंगे।
🔹 पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार
वाई पूरन कुमार का पोस्टमॉर्टम 9 अक्टूबर को किया जा सकता है।
पत्नी अमनीत पी. कुमार ने बुधवार को पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति नहीं दी थी।
उनका कहना है कि बड़ी बेटी अमेरिका से लौटने के बाद ही पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार होगा।
अमनीत ने स्पष्ट कहा है कि पोस्टमॉर्टम के दौरान वे खुद मौजूद रहेंगी और वीडियोग्राफी भी कराएंगी।
🔹 पत्नी के आरोप
अमनीत ने सेक्टर-11 थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि DGP और SP ने उनके पति का उत्पीड़न किया और जातिगत भेदभाव के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
उन्होंने दावा किया कि उनके पति को SC/ST समुदाय से होने के कारण जातिसूचक गालियां दी गईं और उनके साथ सबूतों में छेड़छाड़ की गई।
उनका कहना है कि इन अधिकारियों की प्रताड़ना उनके पति की मौत का कारण बनी।
🔹 अन्य जानकारी
सीएफएसएल टीम द्वारा बरामद सुसाइड नोट के अलावा, अलमारी में लैपटॉप बैग से मिली दूसरी कॉपी भी पुलिस को सौंप दी गई है।
2010 बैच के आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित सरकारी आवास के साउंडप्रूफ बेसमेंट में अपनी सर्विस राइफल से खुदकुशी की थी।
उनका शव फिलहाल चंडीगढ़ के सेक्टर-16 गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।
इस मामले में जांच टीम सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।











