11 March 2025: Fact Recorder
Moscow Attack: रूस और यूक्रेन में जंग के बीच मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला हुआ है। मॉस्को में ड्रोन से कई बहुमंजिला इमारतों को निशाना बनाया गया है।
लंबे समय से युद्ध लड़ रहे रूस के ऊपर अब तक का सबसे बड़ा हमला हुआ है। रूस की राजधानी मॉस्को को निशाना बनाते हुए सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया गया है। 70 से अधिक ड्रोन रूस के अंदर घुस आए और मॉस्को की कई बहुमंजिलों इमारतों को टारगेट किया। हालांकि अभी इस ड्रोन हमले में कई तरह के बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है।
मॉस्को में ड्रोन हमलों को बीच रूस को दो एयरपोर्ट बंद करने पड़ गए। डोमोडेडोवो और जुकोवस्की पर उड़ाने रोक दी गई थीं। मॉस्को से ड्रोन अटैक की कुछ तस्वीरों भी सामने आईं। इनमें मॉस्को की एक इमारत के ऊपर तेज धमाका हुआ और उसके बाद वहां सब धुआं-धुआं देखा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन ने रूसी राजधानी के आसपास के मॉस्को क्षेत्र के रामेंस्की और डोमोडेडोवो जिलों में ड्रोन हमले किए।
रूस ने करीब 70 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराए
रूस इन ड्रोन हमलों को काफी हद तक रोकने में सफल रहा है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन बताते हैं कि मंगलवार सुबह एक बड़े हमले में रूसी राजधानी को निशाना बना रहे करीब 60 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। सोबयानिन आगे कहते हैं कि दूसरी जगह पर 11 ड्रोन को मार गिराया गया। मेयर सर्गेई सोबयानिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, लेकिन हमले से मॉस्को में एक इमारत की छत को मामूली नुकसान पहुंचा है।
सऊदी अरब में मीटिंग से पहले हमला हुआ
ये हमला तब हुआ जब यूक्रेन का एक प्रतिनिधिमंडल रूस के साथ 3 साल के युद्ध को समाप्त करने के बारे में सऊदी अरब में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक से मिलने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक, दो वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि मीटिंग में काला सागर और लंबी दूरी की मिसाइल हमलों के साथ-साथ कैदियों की रिहाई के लिए युद्धविराम का प्रस्ताव होगा। नाम न बताने की शर्त पर बात करने वाले अधिकारियों ने एपी को बताया कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल यूक्रेन के खनिजों तक पहुंच पर अमेरिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए वार्ता के दौरान तैयार है। ये एक ऐसा सौदा है, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हासिल करने के लिए उत्सुक हैं।
