पंजाब में भारी बारिश-बाढ़ का असर: स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज अनिश्चितकाल के लिए बंद, CM भगवंत मान का आदेश

पंजाब में भारी बारिश-बाढ़ का असर: स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज अनिश्चितकाल के लिए बंद, CM भगवंत मान का आदेश

03 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर 

Punjab Desk: पंजाब में बाढ़ का कहर: 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद, 30 लोगों की मौत; CM मान ने मांगा सहयोग                                                                                                                पंजाब में लगातार भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। राज्य सरकार ने पंजाब को आपदाग्रस्त घोषित करते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटीज और पॉलिटेक्निक संस्थानों को 7 सितंबर 2025 तक बंद रखने का आदेश दिया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और लोगों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

पहले 3 सितंबर तक स्कूल बंद करने का आदेश था, लेकिन हालात बिगड़ने के चलते छुट्टियां बढ़ानी पड़ीं। गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर समेत कई जिलों में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। हजारों गांव जलमग्न हो चुके हैं, खेतों की फसलें बर्बाद हैं और कई परिवार अब भी राहत का इंतजार कर रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 1 अगस्त से 2 सितंबर तक बाढ़ और बारिश से 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अब तक 15 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी किया है। हरियाणा सरकार ने भी मदद का हाथ बढ़ाते हुए पंजाब को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है और कहा है कि इस कठिन समय में हरियाणा पंजाब के साथ खड़ा है।