इग्नू ने 28 फरवरी तक बढ़ाई नए दाखिले और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि

चण्डीगढ़, 16 फरवरी 2026 Fact Recorder

Haryana Desk:  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में प्रवेश जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी, 2026 कर दी है।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि वे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाए थे उन्हें एक और अवसर मिल सके, जो विद्यार्थी किसी अन्य महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में नियमित पाठ्यक्रम (रेगुलर मोड) में अध्ययनरत हैं, वे भी इग्नू से एक अतिरिक्त डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने करियर विकल्पों का विस्तार कर सकते हैं। इससे उन्हें दो अलग-अलग विषयों में गहन ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि इग्नू में प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट https://ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पुनः पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों को 200 रुपये विलंब शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पुनः पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि आगे किसी प्रकार की शैक्षणिक असुविधा से बचा जा सके।