नाहन-शिमला हाईवे पर भीषण टक्कर: नींद की झपकी से आमने-सामने भिड़ीं दो कारें

10 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:   हिमाचल प्रदेश के नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907A पर शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। सेर गांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार एक ऑल्टो कार रामपुर बुशहर से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गई। दूसरी कार नाहन से सराहां की ओर जा रही थी।

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। गनीमत रही कि दोनों गाड़ियों में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

सूचना मिलने पर नाहन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।