08 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: भूस्खलन से बस दब गई, 18 लोगों की मौ/त
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ। भल्लू पुल के पास पहाड़ से मलबा गिरने से एक चलती बस उसकी चपेट में आ गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बस का नाम “आयुष” था और यह बरठीं-भल्लू मार्ग पर चल रही थी। मलबा इतनी तेजी से गिरा कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। अब तक 18 शवों को बरामद कर बरठी अस्पताल पहुंचाया गया है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर कहा कि बिलासपुर में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। सीएम शिमला से हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम और प्रशासन की प्रतिक्रिया
हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि बस में लगभग 25 से 30 यात्री सवार थे। अब तक 18 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीजेपी और कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, और अन्य नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रशासन से राहत कार्यों में और तेजी लाने की अपील की।
मृतकों की पहचान
शरीफ खान (25 वर्ष), पुत्र देले खान, निवासी गांव मलांगण
रजनीश कुमार उर्फ विक्की (36 वर्ष), पुत्र मेहर सिंह, निवासी गांव बरड़, डाकघर सुन्हाणी
सोनू (40 वर्ष), पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव कच्यूर, डाकघर संडयार घुमारवीं
बक्शी राम (42 वर्ष), पुत्र गड़का राम, निवासी गांव भल्लू, डाकघर बरठीं
👉 प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य में जुटी है, जबकि इलाके में एहतियात के तौर पर यातायात को रोका गया है।













