गृहमंत्री अमित शाह करेंगे अखिल भारतीय स्पीकर्स सम्मेलन का उद्घाटन, सीएम रेखा ने अतिथियों का किया स्वागत

गृहमंत्री अमित शाह करेंगे अखिल भारतीय स्पीकर्स सम्मेलन का उद्घाटन, सीएम रेखा ने अतिथियों का किया स्वागत
RECORDER - 1

24 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर 

National Desk:  दिल्ली में शुरू होगा अखिल भारतीय स्पीकर्स सम्मेलन, पूर्व संध्या पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिया रात्रिभोज                                                                                                                राष्ट्रीय राजधानी में रविवार से शुरू हो रहे अखिल भारतीय स्पीकर्स सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सम्मेलन से एक दिन पहले, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राज्य विधानसभाओं और विधान परिषदों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सभापतियों के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। राजधानी के होटल ताज में आयोजित इस भोज में अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अवसर पर वे भारत की केंद्रीय विधानसभा के पहले निर्वाचित अध्यक्ष विठ्ठलभाई पटेल पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का भी शुभारंभ करेंगे। इसमें पटेल के जीवन और भारत की संसदीय संस्थाओं के विकास से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें व दस्तावेज प्रदर्शित किए जाएंगे।

सम्मेलन में देशभर की विधानसभाओं और विधान परिषदों के स्पीकर और डिप्टी स्पीकर भाग लेंगे। साथ ही राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और किरेन रिजिजू, तथा लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन भारत के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष विठ्ठलभाई पटेल द्वारा केंद्रीय विधानसभा का कार्यभार संभालने की शताब्दी वर्ष पर आयोजित किया जा रहा है, जो दिल्ली के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “राज्य विधानसभाएँ लोकतंत्र की नर्सरी हैं, जहां जनता की अपेक्षाएं प्रत्यक्ष रूप से अभिव्यक्त होती हैं।”

सम्मेलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाना और शासन में पारदर्शिता व जवाबदेही को बढ़ावा देना है।