होली 2026: घर पर बनाएं 100% नेचुरल हर्बल गुलाल

27 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Lifestyle Desk:  होली का त्योहार रंगों के बिना अधूरा है, लेकिन बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग त्वचा, आंखों और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में इस बार घर पर ही प्राकृतिक और हर्बल रंग तैयार करना बेहतर विकल्प हो सकता है। ये रंग न सिर्फ सुरक्षित होते हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद हैं।

गुलाबी रंग कैसे बनाएं?
सामग्री: चुकंदर, कॉर्न फ्लोर या बेसन
विधि:
चुकंदर को काटकर अच्छी तरह सुखा लें। सूखने के बाद पीसकर पाउडर बना लें और इसमें कॉर्न फ्लोर मिलाकर मुलायम गुलाल तैयार करें। चाहें तो चुकंदर का रस पानी में मिलाकर लिक्विड कलर भी बना सकते हैं।

पीला रंग घर पर कैसे बनाएं?
सामग्री: हल्दी, बेसन या मैदा
विधि:
1 भाग हल्दी में 2 भाग बेसन मिलाकर अच्छी तरह छान लें। यह रंग एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर होता है और त्वचा के लिए लाभकारी है।
हरा रंग बनाने का तरीका
सामग्री: बिना केमिकल वाली मेहंदी या सूखी पालक पत्तियां
विधि:
मेहंदी पाउडर को सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है। या पालक की पत्तियां सुखाकर पीस लें। ध्यान रखें कि मेहंदी में कोई कृत्रिम डाई न मिली हो।

लाल रंग तैयार करें घर पर
सामग्री: गुड़हल (हिबिस्कस) के सूखे फूल, आटा या कॉर्न फ्लोर
विधि:
फूलों को धूप में सुखाकर बारीक पीस लें। जरूरत अनुसार आटा मिलाकर मात्रा बढ़ाई जा सकती है।

नीला रंग कैसे बनाएं?
सामग्री: अपराजिता या जैकरांडा के नीले फूल, पानी
विधि:
फूलों को पानी में उबालकर ठंडा करें। इससे सुंदर नीला लिक्विड रंग तैयार हो जाएगा।
जरूरी सावधानियां
सभी सामग्री पूरी तरह सूखी होनी चाहिए।
किसी भी सामग्री से एलर्जी हो तो उसका प्रयोग न करें।
रंगों को आंखों और मुंह से दूर रखें।
इस होली केमिकल रंगों को छोड़कर घर के बने हर्बल रंग अपनाएं और त्योहार को रंगीन के साथ-साथ सेहतमंद भी बनाएं।