Hisar-police-arrests-immigration-fraud-accused-germany-visa-scam-update | हिसार में जर्मनी भेजने के नाम पर 26 लाख ठगे: एक जालसाज गिरफ्तार, 70 हजार नकदी बरामद, दूसरा फरार – Hisar News

हिसार जिला पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य पकड़ा है। आरोपी पवन कुमार भोड़िया बिश्नोईयां का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 70 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूसरे फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है

आरोपियों का दावा, कई लोगों को विदेश भेजा

जानकारी के अनुसार गांव महलसरा के दो युवकों विजेंदर और सुरेंद्र से मामला जुड़ा है। दोनों जर्मनी जाने के लिए प्लेसमेंट एजेंसी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात पवन कुमार और राम नाम के दो व्यक्तियों से हुई। आरोपियों ने दावा किया कि वे पहले भी कई लोगों को विदेश भेज चुके हैं। राम ने पीड़ितों से पैन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज मांगे। इसके बदले में उन्होंने करीब 26 लाख रुपए ले लिए।

पीड़ितों को फर्जी वीजा थमाया

आरोपियों ने 25 जून 2024 को जर्मनी की फ्लाइट का वादा किया, लेकिन उन्होंने पीड़ितों को फर्जी वीजा थमा दिया। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने 25 अगस्त 2024 को मामला दर्ज किया। आदमपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक हरीश चंद्र के मुताबिक पवन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दूसरा आरोपी राम अभी फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।