Hisar Hansi Cyber Fraud 98 Thousand Bank Account Update | हांसी में व्यक्ति के खाते से उड़ाए 98 हजार: बिना लिंक या कॉल के पैसे गायब, चार अलग-अलग लेनदेन, जांच कर रही पुलिस – Narnaund News

हिसार जिले के हांसी में एक व्यक्ति के साथ 98 हजार की साइबर धोखाधड़ी हो गई। आरोपी ने पीड़ित के खाते से चार बार पैसे निकाले हैं। पीड़ित को जब ठगी का पता चला तो उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित हांसी के आदर्श नगर का रहने वाला रामनाथ है। रामनाथ के बैंक खाते से बिना किसी लिंक या कॉल के 98 हजार 554 रुपए गायब हो गए। पीड़ित के खाते से चार अलग-अलग लेनदेन में पैसे निकाले गए।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले लेनदेन में 18 हजार107 रुपए, दूसरे में 75 हजार 098 रुपए, तीसरे में 5 हजार रुपए और चौथे में 349 रुपए निकाले गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

रामनाथ ने 27 फरवरी को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 18 मार्च को उन्होंने हांसी साइबर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने जांच में मामले को सही पाया। हांसी साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।