17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से शुरू की गई नई उड़ान सेवाएं एक साल के भीतर सिमटती नजर आ रही हैं। ठंड और कोहरे के मौसम से पहले जहां प्रतिदिन करीब 25 उड़ानें संचालित हो रही थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 12 रह गई है। लगातार बंद हो रही फ्लाइट्स को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी भी चिंता जता रहे हैं। एयरपोर्ट निदेशक द्वारा इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस को सेवाएं बहाल करने के लिए कई बार पत्र लिखे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जो उड़ानें संचालित हो रही हैं, उनमें करीब 90 प्रतिशत सीटें भरी जा रही हैं।
हिंडन से गोवा, कोलकाता, वाराणसी, पटना, जम्मू, चेन्नै, भुवनेश्वर, भटिंडा, किशनगढ़, जयपुर और लुधियाना जैसे शहरों की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए निजी एयरलाइंस द्वारा स्लॉट बुक कराए जाने से हिंडन से संचालन में रुचि कम हुई है। कोहरे के कारण संचालन में व्यवधान, सुरक्षा कारण और ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (DTL) के नए नियम भी उड़ानों में कटौती की वजह माने जा रहे हैं।
निजी एयरलाइन फ्लाईबिग ने सितंबर 2023 में लुधियाना, भटिंडा और देहरादून के लिए सेवाएं शुरू की थीं, लेकिन बाद में देशभर में संचालन बंद करने से ये रूट भी ठप हो गए। इंडिगो की पहले 8 उड़ानें थीं, जिनमें अब 7 संचालित हो रही हैं। वर्तमान में पटना, कोलकाता, वाराणसी, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद के लिए सेवाएं जारी हैं। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से केवल बेंगलुरु और मुंबई के लिए उड़ानें चलाई जा रही हैं।
पिछले वर्ष नागरिक उड्डयन मंत्री ने हिंडन एयरपोर्ट पर नई सुविधाएं लाने का वादा किया था, लेकिन घटती उड़ानों ने भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट निदेशक डॉ. चिलका महेश ने बताया कि कुछ एयरलाइंस ने गर्मियों के लिए स्लॉट बुक किए हैं, पर अभी तक बुकिंग शुरू नहीं हुई है और सेवाएं बहाल करने को लेकर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।













