Himachal Pradesh weather forecast; Rain snow Yellow alert lightning Shimla Manali Dharmshala Lahul Spiti | हिमाचल में आज बारिश-बर्फबारी के आसार: कल से 5 दिन खिलेगी धूप, मार्च में नॉर्मल से 25% कम बरसे बादल – Shimla News

शिमला के रिज पर घूमते हुए टूरिस्ट

हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज हल्की बारिश के आसार है। मौसम विभाग (IMD) ने किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

.

वहीं चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिले में तेज तूफान और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में आज बारिश का पूर्वानुमान है। इन चार जिलों के अलावा हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिला में भी आज हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की माने तो कल से प्रदेशभर में मौसम साफ हो जाएगा। कल से अगले पांच दिन तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।

7 शहरों का पारा 30 डिग्री पार

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी से पहले तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। सात शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो गया है। बिलासपुर का तापमान 34.6 डिग्री और ऊना का 34.4 डिग्री हो गया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री ज्यादा हो गया है।

बिलासपुर का तापमान नॉर्मल से 7.7 डिग्री ज्यादा के साथ 34.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है।शिमला का तापमान 5.6 डिग्री ज्यादा के साथ 23.0 डिग्री, सुंदरनगर का तापमान 5.6 डिग्री ज्यादा 32.2 डिग्री और सोलन का तापमान नॉर्मल की तुलना में 5.7 डिग्री ज्यादा के साथ 30.5 डिग्री सेल्सियस हो गया है।

मार्च में नॉर्मल से 25% कम बारिश-बर्फबारी

प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में जरूर अच्छी बारिश-बर्फबारी हुई। मगर दूसरा और तीसरा सप्ताह ड्राइ गया है। इस वजह से 26 मार्च तक प्रदेश में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश-बर्फबारी हुई है। 1 से 25 मार्च तक प्रदेश में 100.9 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 75.7 मिलीमीटर बादल बरसे हैं।