24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग अप्रैल के पहले सप्ताह में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में है। विभाग द्वारा करीब 10 हजार शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे। इसके साथ ही सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किए जाने वाले चयनित 145 सरकारी स्कूलों में नई नियुक्तियों की प्रक्रिया भी इसी अवधि में पूरी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, नियमित वार्षिक ट्रांसफर प्रक्रिया, सामान्य तबादले और सेवानिवृत्त शिक्षकों के पदों को भरने का काम एक साथ किया जाएगा। नए सीबीएसई स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की तैनाती स्क्रीनिंग परीक्षा और मेरिट के आधार पर होगी, जबकि वहां पहले से कार्यरत शिक्षकों को अन्य आवश्यकता वाले स्कूलों में समायोजित किया जाएगा। लंबे समय से एक ही स्कूल या शहरी क्षेत्रों में जमे शिक्षकों के तबादले कर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में रिक्त पदों को भरने पर विशेष जोर रहेगा। विभाग का लक्ष्य है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले अधिकतर स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर दी जाए, ताकि पढ़ाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।













