हनुमान जयंती पर सुबह के समय जाखू मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शिमला के मशहूर जाखू मंदिर में हनुमान जयंती पर आज श्रद्धालुओं की भारी उमड़ी है। मंदिर में सुबह 5 बजे से ही दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने शुरू हुए। इससे जाखू में श्रद्धालुओं की आज लंबी लंबी कतारें लगी हुई है।
.
जाखू मंदिर में न केवल स्थानीय लोग बल्कि शिमला पहुंचे विभिन्न प्रदेशों के पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। हनुमान जयंती के मौके पर विशेष पूजा अर्चना करवा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शहर के अलग अलग क्षेत्रों से 13 टैक्सियां चला रहा है, ताकि जाखू पहुंचने में किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

जाखू मंदिर में सुबह के वक्त पूजा करते हुए पुजारी
जाखू में चढ़ेगा सवा क्विंटल का रोट
हनुमान जयंती का जाखू मंदिर में विशेष आयोजन किए गए है। यहां सुंदरकांड का पाठ और हवन यज्ञ होगा। इसके बाद सवा क्विंटल का रोट (प्रसाद) के तौर पर बजरंगबली को चढ़ाया जाएगा।
मंदिर के मुख्य पुजारी बोध प्रकाश शर्मा ने बताया, स्थानीय कीर्तन मंडलियां सुंदरकांड का पाठ करेंगी। हवन यज्ञ में स्थानीय विधायक, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नगर निगम के महापौर, पार्षद व सैकडों लोग शामिल होंगे।

हनुमान जयंती पर जाखू मंदिर पहुंचे श्रद्धालु

हनुमान जयंती पर जाखू मंदिर पहुंचे श्रद्धालु दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए
100 किलो फूल से सजाया गया मंदिर
जाखू मंदिर को 100 किलो फूलों से सजाया गया है। हनुमान जयंती के लिए फूल दिल्ली से मंगाए गए हैं। गर्भ गुफा से लेकर मंदिर के बाहरी हिस्से तक फूलों से सजावट की जाएगी। मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे खोले गए।

जाखू मंदिर पहुंचे श्रद्धालु दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हनुमान जयंती पर हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। इसलिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हालांकि सुबह सात बजे तक कोई भी पुलिस का जवान मंदिर में मौजूद नहीं था।
इससे सुबह के वक्त मंदिर में भक्तों को दर्शन में परेशानी हुई, क्योंकि कुछ लोग लाइनों में न लगकर सीधे मंदिर में प्रवेश कर रहे थे। इससे सुबह सात बजे आरती के वक्त मंदिर के भीतर भी भारी भीड़ हो गई थी। मगर सात बजे के बाद काफी संख्या में पुलिस बल जाखू मंदिर पहुंचा और सुरक्षा का जिम्मा संभाला।











