Donald Trump का नया बयान: ईरान युद्ध के बीच ‘अनलिमिटेड हथियार सप्लाई’ का दावा

03 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  United States और Iran के बीच जारी भीषण संघर्ष के चौथे दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका के पास मीडियम और अपर-मीडियम ग्रेड हथियारों का स्टॉक अपने उच्चतम स्तर पर है और इनकी “लगभग अनलिमिटेड सप्लाई” उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इन हथियारों के दम पर युद्ध को लंबे समय तक, यहां तक कि “हमेशा” भी सफलतापूर्वक लड़ा जा सकता है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिका के हथियार दुनिया के अन्य देशों के बेहतरीन हथियारों से भी बेहतर हैं और देश बड़ी जीत के लिए तैयार है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए पूर्व राष्ट्रपति Joe Biden पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइडेन प्रशासन ने यूक्रेन को भारी मात्रा में हाई-एंड सैन्य संसाधन दिए, लेकिन उनके प्रतिस्थापन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने अमेरिकी सेना को मजबूत किया था और अब भी उसी दिशा में काम जारी है। उनके इस बयान को मौजूदा युद्ध के संदर्भ में अमेरिकी सख्त रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।