हिमाचल कांग्रेस 30 मई को करेगी ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन

28 मई  2025 ,FACT RECORDER

हिमाचल कांग्रेस 30 मई को करेगी वीर सैनिकों के सम्मान में ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी 30 मई, 2025 को वीर सैनिकों के सम्मान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एक विशेष कार्यक्रम ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन करेगी। यह सभा सुबह 10 बजे शिमला स्थित पीटरहॉफ होटल में होगी।

इस कार्यक्रम की जानकारी उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, एआईसीसी कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अजय माकन, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल समेत कई गणमान्य अतिथि इस सभा में शामिल होंगे। इसके अलावा, हिमाचल के विभिन्न जिलों से पूर्व सैनिक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

पठानिया ने कहा कि इस सभा का उद्देश्य उन वीर सैनिकों को सम्मानित करना है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उन्होंने 1962, 1971 और कारगिल युद्ध में हिमाचली सैनिकों के योगदान को याद करते हुए शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा और हाल ही में शहीद हुए सूबेदार पवन सिंह जरियाल का विशेष रूप से उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश शहीद सैनिकों के परिजनों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने वाला देश का एकमात्र राज्य है। इसके अलावा, पूर्व सैनिकों को नौकरी में प्राथमिकता और पदोन्नति में विशेष छूट दी जाती है।

मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा, और को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में केन्द्र सरकार से हिमालयन रेजीमेंट के गठन की मांग की है। इससे हिमाचल के युवाओं को सेना में अधिक अवसर मिलेंगे और पहाड़ी क्षेत्रों में उनकी युद्ध क्षमता का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केवल सिंह पठानिया ने आयोजन स्थल पीटरहॉफ परिसर का दौरा भी किया।