Himachal Congress organization expanded Delhi Meeting| CM Sukhu | हिमाचल कांग्रेस संगठन का जल्द होगा विस्तार: 27 मार्च से पहले जिलाध्यक्षों की घोषणा संभव; दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व की बैठक – Shimla News

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को इसी सप्ताह नया संगठन मिल सकता है। पहले चरण में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो सकती है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस भी भाजपा मॉडल अपनाने का विचार कर रही है। कांग्रेस भी अपने संगठनात्मक ब्लॉक व जिलों में बढ़ोतरी कर सकती है।

.

प्रदेश में संगठन के गठन से पहले पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश नेतृत्व को दिल्ली बुलाया है। रविवार को नई दिल्ली में हाईकमान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन पर विचार करेगा। पीसीसी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार सीएम सुक्खू की अभी तक मुलाकात नहीं हुई है। सीएम शनिवार सुबह ही दिल्ली के लिए निकल गए थे। शनिवार सुबह वह दिल्ली केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिलने गए थे। जबकि दोपहर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली के लिए रवाना हुईं थी ।

कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मिले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।

कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मिले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।

जिलाध्यक्षों के नामों पर मुहर लगेगी

सूत्रों के अनुसार, रविवार की बैठक में प्रदेश के जिला अध्यक्षों के नामों पर मुहर लगेगी और एक दो दिनों में नए जिला अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है। दरअसल, 26-27 मार्च और 3 अप्रैल को कांग्रेस के देश भर के जिला अध्यक्षों की राष्ट्रीय स्तर की बैठक होनी है। इसमें हिमाचल के नए जिला अध्यक्ष भी हिस्सा लेंगे। ऐसे में इससे पहले जिला अध्यक्ष की नियुक्तियां होनी आवश्यक है।

ठियोग से विधायक कुलदीप राठौर ने शनिवार को ही दिल्ली में पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। हिमाचल में विधानसभा सत्र चला हुआ है। इस बीच राठौर बीते रोज ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। दोपहर के समय उन्होंने रजनी पाटिल से मुलाकात की।