07 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: Himachal Pradesh की राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक शनिवार को आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu करेंगे। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में प्रमुख रूप से परवाणु से तारादेवी तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना पर विचार किया जाएगा। इसमें रोपवे संचालन करने वाली कंपनी की समय सीमा तय करने, यात्रियों की संख्या कम होने पर नुकसान की भरपाई और अधिक संख्या होने पर सरकार की हिस्सेदारी जैसे विषयों पर निर्णय लिया जा सकता है।
सरकार ने टेंडर में फिलहाल 40 वर्ष की अवधि तय की है, जबकि कुछ कंपनियां इस अवधि को बढ़ाने की मांग कर रही हैं। इसके अलावा तारादेवी-शिमला रोपवे परियोजना पर भी चर्चा हो सकती है। सरकार इस परियोजना के लिए पहले ही नए सिरे से टेंडर जारी करने का फैसला कर चुकी है।
आगामी 18 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण को देखते हुए सत्र में पेश किए जाने वाले विधेयकों को भी कैबिनेट की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। साथ ही राज्यपाल के पास लंबित कुछ विधेयकों को दोबारा सदन में पेश करने पर भी विचार किया जा सकता है।
बैठक में खर्चों में कटौती और आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होगी। पिछली बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने-अपने विभागों में खर्च कम करने और राजस्व बढ़ाने के सुझाव देने के निर्देश दिए थे।
इसके अलावा विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं की भर्ती से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में पंचायत चुनाव और नई पंचायतों के गठन से संबंधित जानकारी भी मंत्रिमंडल के सामने रखी जाएगी।











