Hezbollah के टॉप लीडर Mohammad Raad की एयर स्ट्राइक में मौ*त, Israel Defense Forces ने ली जिम्मेदारी

02 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने लेबनान में बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए हिजबुल्लाह के वरिष्ठ नेता मोहम्मद राद को एयर स्ट्राइक में मार गिराने का दावा किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन में उत्तरी इजरायल पर हमले तेज किए थे।

IDF का बयान

इजरायली सेना (IDF) ने कहा कि उत्तरी इजरायल की ओर दागे गए प्रोजेक्टाइल के जवाब में पूरे लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। IDF के मुताबिक, हिजबुल्लाह ईरान समर्थित गतिविधियों में शामिल है और इजरायली नागरिकों पर हमले कर रहा है। सेना ने ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ के तहत कार्रवाई की बात कही है।

लेबनान खाली करने की चेतावनी

IDF ने लेबनान के नागरिकों को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हिजबुल्लाह के ठिकानों और हथियारों के पास रहना जानलेवा हो सकता है। बड़े हमले की आशंका जताते हुए संवेदनशील इलाकों को खाली करने की अपील की गई है।

पहली बार ‘आयरन बीम’ का इस्तेमाल

रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल ने अपने हाई-पावर्ड लेजर एयर डिफेंस सिस्टम Iron Beam का पहली बार युद्ध में इस्तेमाल किया।
यह सिस्टम पारंपरिक Iron Dome से अलग है। जहां आयरन डोम इंटरसेप्टर मिसाइल से रॉकेट रोकता है, वहीं आयरन बीम लेजर बीम के जरिए लक्ष्य को हवा में ही निष्क्रिय करता है। दोनों मिलकर मल्टी-लेयर एयर डिफेंस तैयार करते हैं।

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

सितंबर 2024 में इजरायल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर एयर स्ट्राइक कर संगठन प्रमुख Hassan Nasrallah को मार गिराने का दावा किया था। उस समय भी इजरायल ने हिजबुल्लाह पर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया था।

क्षेत्र में बढ़ता खतरा

2023 में गाजा में Hamas के साथ युद्ध के दौरान ही इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच सीधा टकराव शुरू हो गया था। हिजबुल्लाह को ईरान का समर्थन मिलता रहा है, जिससे मौजूदा संघर्ष और व्यापक रूप लेता जा रहा है।

फिलहाल उत्तरी इजरायल हाई अलर्ट पर है और लेबनान-इजरायल सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।