‘हेरा फेरी 3’ पर फिर संकट, राइटर ने छोड़ी फिल्म; बढ़ीं मुश्किलें

03 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म हेरा फेरी 3 एक बार फिर मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। पहले से चल रहे कानूनी विवादों के बीच अब फिल्म को एक और झटका लगा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के राइटर रोहन शंकर ने प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने बताया कि लगातार सामने आ रही कानूनी दिक्कतों की वजह से उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।

इस फिल्म को प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल इसका काम रुका हुआ है। खुद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन भी इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि फिल्म कब शुरू होगी, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है।

फिल्म पहले ही राइट्स को लेकर विवादों में फंसी हुई है। एक साउथ फिल्ममेकर ने दावा किया है कि ‘हेरा फेरी 3’ के अधिकार उनके पास हैं, जिससे मामला और उलझ गया है।

हालांकि, रोहन शंकर ने यह भी संकेत दिया कि अगर फिल्म प्रियदर्शन के साथ आगे बढ़ती है और हालात ठीक होते हैं, तो वे दोबारा टीम से जुड़ सकते हैं। फिलहाल डायरेक्टर अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स जैसे भूत बंगला और ‘हैवान’ में व्यस्त हैं, जिसके चलते इस फिल्म की शुरुआत में और देरी हो सकती है।

फैंस लंबे समय से इस कल्ट कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन लगातार आ रही बाधाओं ने इसकी रिलीज को अनिश्चित बना दिया है।