मुंबई में भारी बारिश का कहर जलभराव से जनजीवन प्रभावित, विक्रोली भूस्खलन में दो की मौ*त

Heavy rain wreaks havoc in Mumbai:
RECORDER - 1

16 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के किंग्स सर्कल, दादर, नवी मुंबई, वाशी समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों और रेलवे ट्रैकों पर पानी भरने से यातायात और ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं। पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच तेज़ बारिश दर्ज की गई। मरोल फायर स्टेशन में सबसे अधिक 207 मिमी और सांताक्रूज़ के नारियलवाड़ी स्कूल में 202 मिमी बारिश दर्ज की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवेज का पानी सड़कों पर भर गया है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।

विक्रोली में भूस्खलन
विक्रोली पार्कसाइट के वर्षा नगर इलाके में देर रात करीब 2:39 बजे भूस्खलन हुआ। पास की पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर गिरकर एक झोपड़ी पर आ गिरे। इस हादसे में चार लोग दब गए। घायलों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां 19 वर्षीय शालू मिश्रा और 50 वर्षीय सुरेश मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) घायल हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रभावित इलाके के अन्य निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

मौसम विभाग का अलर्ट:
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले 2-3 घंटों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। वहीं, रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में भी अगले 3-4 घंटों में मध्यम से तेज़ बारिश की संभावना जताई गई है।

भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं ने मुंबईवासियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।