हरियाणा के पहले CJI: जस्टिस सूर्यकांत आज लेंगे भारत के 53वें चीफ जस्टिस की शपथ

हरियाणा से पहले व्यक्ति के रूप में जस्टिस सूर्यकांत आज देश के 53वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण

24 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा से पहले व्यक्ति के रूप में जस्टिस सूर्यकांत आज देश के 53वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन, दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें उनका पूरा परिवार शामिल रहेगा।

उनके बड़े भाई डॉ. शिवकांत ने बताया कि समारोह में तीनों भाई, उनकी पत्नियां, बच्चे, बेटी-दामाद, बहन का परिवार, गांव के लोग और उनके पिता के मित्र शामिल होंगे। शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति के साथ भोज में भी परिवार के सदस्य शामिल होंगे।

जस्टिस सूर्यकांत के जन्म और प्रारंभिक जीवन का हिसार से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने कानूनी करियर की शुरुआत 1984-85 में हिसार जिला न्यायालय में वकील के रूप में की थी। उस समय उन्होंने वरिष्ठ वकील स्वर्गीय आत्माराम बंसल के अधीन जूनियर के तौर पर प्रैक्टिस की थी।

हिसार के डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने उनकी CJI बनने की खुशी में हवन-यज्ञ का आयोजन किया है और शपथ ग्रहण के मौके पर रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां भी बांटी जाएंगी।

जिला बार एसोसिएशन हिसार के प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा ने बताया कि जस्टिस सूर्यकांत के पहले प्रैक्टिस किए गए बार के 136 विशेष सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किए गए हैं। समारोह का सीधा प्रसारण LED स्क्रीन पर भी दिखाया जाएगा।