हरियाणा मौसम अपडेट: कड़ाके की ठंड और घना कोहरा बरकरार, 1–2 फरवरी को बारिश की संभावना

30 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा में ठंड का प्रकोप अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा लगातार बना हुआ है। हालांकि, धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं के चलते ठिठुरन अभी भी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात से एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश करेगा। इसका असर हरियाणा में 1 और 2 फरवरी को देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में 50 से 75 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जनवरी में चार बार बदला मौसम

जनवरी महीने में अब तक हरियाणा चार प्रमुख पश्चिमी विक्षोभों की चपेट में आ चुका है। इनमें 22–23 जनवरी और 27–28 जनवरी के दौरान आए सिस्टम सबसे ज्यादा प्रभावी रहे, जिनकी वजह से कई जिलों में बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

तापमान का हाल

धूप निकलने के कारण दिन के अधिकतम तापमान में मामूली इजाफा हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कब और कहां बदलेगा मौसम?

  • 30–31 जनवरी: मौसम शुष्क रहेगा, ठंडी हवाएं चलेंगी और सुबह व देर रात कहीं-कहीं धुंध छाई रह सकती है।

  • 1 फरवरी: प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

  • 2–3 फरवरी: उत्तरी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश संभव है।

मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में 4 फरवरी तक मौसम का मिजाज बदला-बदला और अस्थिर बना रह सकता है।