Haryana textile factory warehouse fire | Sonipat News | सोनीपत में टैक्सटाइल फैक्ट्री के गोदाम में आग: लाखों का सामान जलकर राख; काम करते कर्मचारियों ने धुआं उठता देखा – Sonipat News

टैक्सटाइल फैक्ट्री के गोदाम में लगी आग।

सोनीपत जिले के गोहाना के सोनीपत रोड स्थित एक टैक्सटाइल फैक्ट्री के कॉटन गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठती लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

टैक्सटाइल फैक्ट्री के गोदाम में आग बुझाते दमकल कर्मचारी।

टैक्सटाइल फैक्ट्री के गोदाम में आग बुझाते दमकल कर्मचारी।

कॉटन के कारण फैली आग

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री कई एकड़ में फैली हुई है। जहां पर रुई और धागा तैयार किया जाता है। गोदाम में बड़ी मात्रा में कॉटन होने की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा कॉटन जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखी

अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर बाद गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे तुरंत दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

वहीं, फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। तुरंत सुरक्षा अलर्ट किया गया और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कर्मचारियों के अनुसार, उन्हें आग लगने के कारण की जानकारी नहीं है।