नगर निगम की हाउस मीटिंग में मौजूद लोग।
हरियाणा के फरीदाबाद नगर निगम की विशेष बजट बैठक आज वीरवार को नगर निगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर प्रवीण जोशी ने की। बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्ताव सदन में रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
।
इस विशेष बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, पूर्व कैबिनेट मंत्री, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, विधायक रघुवीर तेवतिया, नगर निगम आयुक्त ए. मोना श्रीनिवास सहित नगर निगम पार्षद और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बजट का कुल आकार 1964 करोड़ रुपए
नगर निगम के वित्तीय नियंत्रक दिनेश कुमार द्वारा पेश किए गए बजट में अनुमानित आय 1964 करोड़ रुपए और संभावित खर्च 1924 करोड़ रुपए दर्शाया गया है। बजट में कई स्रोतों से आय की योजना बनाई गई है।
महापौर प्रवीण जोशी ने कहा कि यह बजट फरीदाबाद के समग्र विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों के लिए 1-1 करोड़ रुपये की राशि दिए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, यदि किसी वार्ड में अधिक कार्यों की आवश्यकता हुई, तो वहां के लिए अलग से बजट का प्रावधान भी किया जाएगा।

महापौर करेंगी हर वार्ड का दौरा
जोशी ने यह भी बताया कि वह स्वयं प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण करेंगी और जनता की समस्याओं को नजदीक से समझकर समाधान के प्रयास करेंगी। उनका उद्देश्य ‘स्वच्छ और हरित फरीदाबाद’ के सपने को साकार करना है, जिसमें सभी पार्षदों और अधिकारियों का सहयोग आवश्यक है।
मंत्रियों और विधायकों ने रखे सुझाव
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने पार्षदों से आग्रह किया कि वे निगम अधिकारियों को अपने वार्डों में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी समय रहते दें। ताकि फाइलें समय पर तैयार की जा सकें और विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जा सके। उन्होंने महापौर और सभी सदन सदस्यों को बजट पारित होने पर बधाई दी। खाद्य राज्य मंत्री राजेश नागर और अन्य विधायकों ने भी बैठक में भाग लेते हुए अपने सुझाव और विचार साझा किए।
निगमायुक्त ने दिया सहयोग का आश्वासन
नगर निगम आयुक्त ए. मोना श्रीनिवास ने कहा कि निगम का पूरा प्रशासन फरीदाबाद के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी अधिकारी समन्वय और सौहार्द के साथ कार्य करेंगे। बैठक के अंत में निगमायुक्त ने महापौर, मंत्रीगण, विधायकों और पार्षदों का बुके भेंट कर स्वागत किया और बैठक को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।












