Haryana Ministers Budget Distribution Analysis | Budget 2025 | हरियाणा CM ने सबसे ज्यादा बजट खुद को दिया: शिक्षा-स्वास्थ्य मंत्रियों पर अपने से लगभग आधा खर्च; विज के मंत्रालय घटे लेकिन पैसा बढ़ाया – gurugram News

CM नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में 2 लाख 5 हजार करोड़ का बजट पेश किया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2025-26 के लिए 2 लाख 5 हजार करोड़ का बजट पेश किया है। यह पिछले बार के मुकाबले करीब साढ़े 16 हजार करोड़ ज्यादा है। इसी के साथ CM ने अपने मंत्रियों के विभागों का बजट भी बढ़ा दिया है।

वर्तमान सरकार में CM सैनी के पास ही सबसे ज्यादा मंत्रालय हैं, इसलिए उन्होंने सबसे ज्यादा 85,039 करोड़ का बजट अपने पास ही रखा है। इसके बाद महिपाल ढांडा के शिक्षा मंत्रालय पर 22296.82 और आरती राव के स्वास्थ्य मंत्रालय पर 10159.54 करोड़ की धनवर्षा की है।

वहीं, सैनी सरकार में अक्सर नाराज रहने वाले मंत्री अनिल विज को भी 9864.84 करोड़ रुपए देकर खुश किया गया है। उनके मंत्रालय कम किए गए हैं, उस हिसाब से यह बजट पहले से ज्यादा है। सबसे कम बजट मंत्री अरविंद शर्मा को दिया गया है। उन्हें 262.31 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है।

अब ग्राफिक्स में देखिए किस मंत्री को कितना बजट मिला…

महिला मंत्रियों को 17556.36 करोड़ दिए हरियाणा में इस समय 2 महिला मंत्री हैं। इन्हें CM सैनी ने 17556.36 करोड़ रुपए का बजट दिया है। इनमें से स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को 10159.54 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जो पिछली बार से 8.17% ज्यादा है। वहीं, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी को 7396.82 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

श्रुति चौधरी के पास 2 विभाग हैं। इनके महिला एवं बाल विभाग को 1371.10 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जो पिछली बार के 1008.44 करोड़ रुपए से करीब 36% ज्यादा हैं। वहीं, उनके सिंचाई एंव जल संसाधन विभाग को 6024.72 करोड़ रुपए सरकार ने दिए हैं, जिसमें पिछली बार के 5443.38 करोड़ रुपए से 10.7% की वृद्धि की गई है।

डॉ. अरविंद शर्मा को सबसे कम बजट CM सैनी ने विरासत और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को इस बार सबसे कम बजट दिया है। उन्हें इस बार 262.31 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। यह पिछली बार के 242.43 करोड़ से 19.88 करोड़ रुपए ज्यादा हैं।

चूंकि, पिछली बार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने बजट पेश किया था तब उन्होंने इस विभाग को 242.43 करोड़ रुपए दिए थे। यह 2023-24 के बजट की तुलना में 46.59% ज्यादा थे। 2023 के बजट में इस विभाग की राशि 165.37 करोड़ रुपए थी।

**********

बजट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर वित्त मंत्री सोमवार को विधानसभा में बजट पेश किया। इसमें सबसे ज्यादा घोष‌णाएं गुरुग्राम के लिए की गईं। जबकि हिसार दूसरे नंबर पर रहा। (पढ़ें पूरी खबर)