Haryana mall owner killed Criminal arrest | Jhajjar News | झज्जर में इनामी बदमाश गिरफ्तार: मॉल के मालिक की गोली मारकर की थी हत्या, 6 साल से फरार, पहले भी दर्ज हैं केस – bahadurgarh (jhajjar) News

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया इनामी बदमाश अनिल।

हरियाणा के झज्जर में पुलिस ने विशाल मेगा मार्ट के मालिक की हत्या के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अच्छेज पहाड़ीपुर निवासी अनिल के रूप में हुई है।

थाना प्रबंधक निरीक्षक बलदेव कुमार ने बताया कि यह मामला 17 मई 2019 का है। उस दिन शाम को विशाल मेगा मार्ट के मालिक अशोक अपने शोरूम के मेन गेट पर खड़े थे। तभी तीन युवक आए और उन पर गोलियां चला दीं। अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया।

मामले में कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक जगबीर की टीम ने आरोपी अनिल को गिरफ्तार किया। रोहतक रेंज के आईजी ने 20 जनवरी 2023 को आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना बेरी में शराब पीकर हुड़दंगबाजी, दादा सिरसा मंदिर से मूर्ति चोरी और धमकी देने के मामले दर्ज हैं। भिवानी और रोहतक में भी इस पर कई मामले हैं। चरखी दादरी में 2010 में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में भी यह फरार चल रहा था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।