हरियाणा की BJP सरकार ने महिलाओं के लिए ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ स्कीम का बजट पास कर दिया। सोमवार को बजट सत्र में CM नायब सैनी ने कहा कि महिलाओं को हर महीने ₹2100 रुपए देने के लिए 5 हजार करोड़ का बजट रखा गया है।
।
CM के इस ऐलान पर भाजपा विधायकों ने तालियां बजाईं लेकिन पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा और विधायक बीबी बत्रा ने सवाल उठा दिए। CM से पूछा कि आखिर किसे यह पैसे मिलेंगे?। कितनी महिलाओं को मिलेंगे। कब से मिलेंगे?। ऐसे तमाम सवाल विपक्ष के ही नहीं बल्कि आम लोगों के भी हैं।
1. सवाल: भाजपा सरकार महिलाओं को 2100 रुपए क्यों दे रही है? जवाब: 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में BJP ने संकल्प पत्र में 20 वादे किए थे। इनमें पहला वादा था- सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए देंगे।

भाजपा के संकल्प पत्र में पहला संकल्प ही महिलाओं को 2100 रुपए देने का था।
2. सवाल: सरकार की इस लाडो लक्ष्मी योजना में किसे लाभ मिलेगा? जवाब: भाजपा ने चुनाव के वक्त प्रचार किया था कि प्रदेश में 18 से 60 साल तक की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देंगे। 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को पहले ही पेंशन का लाभ मिल रहा है।
3. सवाल: क्या सरकार ने योजना लागू कर दी है? जवाब: हरियाणा सरकार ने सोमवार (17 मार्च) को इस योजना के लिए प्रदेश के 2025-26 के बजट में 5 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। हालांकि बजट पेश करते हुए CM नायब सैनी ने कहीं ऐसा नहीं कहा कि यह योजना लागू कर दी गई है। इसको लेकर सरकार ने कोई नोटिफिकेशन भी जारी नहीं किया है।
4. सवाल: सरकार ने सिर्फ 5 हजार करोड़ का बजट रखा है, इससे सभी महिलाओं को रुपया मिलेगा? जवाब: प्रदेश में 18 से 60 साल की उम्र के बीच करीब 75 लाख महिलाएं हैं। अगर सरकार सभी को 2100 रुपए देती है तो एक महीने में 1,575 करोड़ रुपए चाहिए होंगे। सरकार ने सिर्फ 5 हजार करोड़ का बजट रखा है तो ऐसे में सबको रुपए दिए तो साल के लिए रखा ये बजट 3 महीने ही चल पाएगा। ऐसे में फिलहाल सरकार की सबको रुपए देने की योजना नहीं है।

5. सवाल: फिर सरकार किन महिलाओं को पहले 2100 रुपए देगी? जवाब: इस पर सरकार ने तो औपचारिक तौर पर कुछ नहीं कहा लेकिन अंदरखाते तैयारियां जरूर की जा रही हैं। सरकार इसे फेजवाइज लागू कर सकती है। जिसके पहले चरण में सालाना 1 लाख से कम इनकम वाली महिलाओं का इसका लाभ दें। इसके बाद 1.80 लाख तक सालाना इनकम वाली महिलाओं को इसमें शामिल करें। उससे करीब 50 लाख महिलाएं लाभ के दायरे में आ जाएंगी।
6. सवाल: इस योजना का लाभ कैसे मिलेगा? जवाब: इसके बारे में अभी कुछ क्लियर नहीं है। CM नायब सैनी ने कहा कि इसके लिए अधिकारी क्राइटेरिया बना रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि महिलाएं इसके लिए कहां और कैसे आवेदन करें, इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। CM ने इतना जरूर कहा कि बजट पर चर्चा के दौरान वे इसके बारे में बता देंगे।
7. सवाल: लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ कब से मिलेगा? जवाब: सरकार ने इस पर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा है। हालांकि सरकार ने बजट में प्रावधान कर दिया है तो 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच कभी भी योजना का लाभ देना शुरू कर सकती है।
आखिर में… लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर CM नायब सैनी ने क्या कहा… CM ने विधानसभा में इस योजना के लिए 5 हजार करोड़ का बजट आवंटित करने की घोषणा की। इस पर पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने पूछा- इसका क्राइटेरिया क्या है?, किन महिलाओं को यह पैसा मिलेगा?।
जवाब में CM ने कहा- इसके लिए क्राइटेरिया बना रहे हैं। अधिकारियों को योजना के पात्र लोगों के चयन के लिए कहा है। 5 हजार करोड़ का बजट तो सिर्फ विंडो है। महिलाओं के लिए बजट की कमी नहीं है। जरूरत के हिसाब से इसे बढ़ाते रहेंगे।
पूर्व CM हुड्डा ने फिर सवाल पूछा तो CM नायब सैनी ने कहा- बजट की चर्चा पर जवाब दूंगा तो तब इसके बारे में सब बता दूंगा।
********************
ये खबर भी पढ़ें….
हरियाणा में महिलाओं को ₹2100 महीना मिलेंगे, CM ने ₹5 हजार करोड़ का बजट रखा

हरियाणा में नायब सिंह सैनी की अगुआई वाली BJP सरकार ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का ऐलान कर दिया है। CM सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए सदन में इसकी घोषणा की। इसके लिए 5 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)












