हरियाणा IPS पूरन कुमार का पोस्टमार्टम, सुसाइड के 9वें दिन IAS पत्नी की अनुमति पर आज सेक्टर-25 में अंतिम संस्कार

हरियाणा IPS पूरन कुमार का पोस्टमार्टम, सुसाइड के 9वें दिन IAS पत्नी की अनुमति पर आज सेक्टर-25 में अंतिम संस्कार

15 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार का आज चंडीगढ़ PGI में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। यह पोस्टमार्टम IAS पत्नी अमनीत पी कुमार की सहमति मिलने के बाद किया जा रहा है। सुसाइड के 9वें दिन यह प्रक्रिया संपन्न हो रही है। पोस्टमार्टम के दौरान अमनीत पी कुमार भी PGI में मौजूद हैं और सुरक्षा के मद्देनज़र PGI के बाहर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।

पोस्टमार्टम के बाद दोपहर 3 बजे पूरन कुमार के शव का अंतिम दर्शन उनके सेक्टर-24 स्थित आवास पर कराया जाएगा। इसके बाद शव की अंतिम यात्रा सेक्टर-25 शमशान घाट को जाएगी, जहां लगभग 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इस पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी की जा रही है। एक मजिस्ट्रेट और बैलिस्टिक विशेषज्ञ की उपस्थिति में गठित डॉक्टरों की टीम यह प्रक्रिया संपन्न कर रही है। परिवार ने पिछले आठ दिनों तक पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं दी थी, क्योंकि न्याय की मांग और सुसाइड नोट में आरोपियों पर कार्रवाई न होने के कारण परिवार आश्वस्त नहीं था।

अमनीत पी कुमार ने पोस्टमार्टम की सहमति देते हुए कहा कि यह निर्णय हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी जांच तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई के भरोसे पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि समय पर पोस्टमार्टम से सबूत सुरक्षित रहेंगे और न्याय की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।

वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास में खुदकुशी की थी। इस दौरान उनकी पत्नी जापान दौरे पर थीं। उनके घर से 8 पन्नों का अंतिम सुसाइड नोट भी मिला था।

पूरन कुमार 2001 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी थे। उन्होंने ADGP रोहतक रेंज, IG PTC सुनारिया (रोहतक), IG HAP मधुबन और IG होम गार्ड्स जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया था और हरियाणा पुलिस में लंबा और प्रभावशाली करियर बनाया था।